पूर्व मुख्यमंत्री श्री कैलाश जोशी के निधन पर मंत्रि-परिषद के सदस्यों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिये ईश्वर से प्रार्थना की है। मंत्रि-परिषद के सदस्यों ने शोक-संतप्त परिजनों को ढांढस बंधाते हुए गहन संवेदना व्यक्त की है।
सहकारिता एवं सामान्य प्रशासन मंत्री डॉ. गोविंद सिंह ने अपने शोक संदेश में कहा कि स्वर्गीय श्री कैलाश जोशी एक कुशल प्रशासक एवं प्रभावशाली राजनेता थे। उन्होंने हमेशा जनहित में काम किया। जल-संसाधन मंत्री श्री हुकुम सिंह कराड़ा ने कहा कि श्री कैलाश जोशी के निधन से प्रदेश को बहुत बड़ी क्षति हुई है। वे एक नेक इंसान एवं अच्छे राजनेता थे।
जनसम्पर्क मंत्री श्री पी.सी. शर्मा ने शोक व्यक्त करते हुए ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें तथा शोक-संतप्त परिवार को इस दु:ख को सहने की शक्ति दें। गृह मंत्री श्री बाला बच्चन ने कहा कि श्री कैलाश जोशी के निधन से हमने एक कुशल राजनेता खो दिया है। अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री श्री आरिफ अकील ने श्री कैलाश जोशी के निधन पर दु:ख व्यक्त करते हुए कहा कि वे बहुमुखी प्रतिभा के धनी एवं कर्मठ राजनेता थे।
नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री श्री हर्ष यादव ने पूर्व मुख्यमंत्री श्री कैलाश जोशी के निधन को प्रदेश के लिये अपूरणीय क्षति बताया है। उन्होंने अपने शोक संदेश में कहा कि श्री जोशी के निधन से प्रदेश ने एक वरिष्ठ राजनेता खो दिया है। चिकित्सा शिक्षा, आयुष और संस्कृति मंत्री डॉ. विजयलक्ष्मी साधौ ने श्री कैलाश जोशी के निधन पर दु:ख व्यक्त करते हुए कहा कि वे स्पष्टवादी राजनेता थे।